नई दिल्ली। ऑलराउंडर इरफान पठान के भाग्य का छीका फूटा है और उन्हें चोटिल तेज गेंदबाज आर विनय कुमार की जगह श्रीलंका दौरे के लिए टीम इंडिया में शामिल कर लिया गया है।
कर्नाटक के तेज गेंदबाज विनय हेमस्ट्रिंग चोट के कारण श्रीलंका दौरे से बाहर हो गए हैं। विनय इस चोट से तीन सप्ताह के लिए मैदान से बाहर रहेंगे और 21 जुलाई से होने वाले श्रीलंका दौरे में नहीं खेल पाएंगे। भारत को श्रीलंका दौरे में पांच एकदिवसीय मैच और एक ट्वेंटी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलना है।

दरअसल इस महीने के शुरू में जब श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टीम का चयन किया गया तो उसमें इरफान की छुट्टी कर दी गई थी। इरफान बांग्लादेश में मार्च में हुए एशिया कप में भारतीय टीम का हिस्सा थे।
इरफान फरवरी 2009 में भारतीय टीम से बाहर होने के बाद दिसंबर 2011 में भारतीय टीम में लौटे थे। तब वेस्टइंडीज के खिलाफ एकमात्र वनडे खेलने के बाद वह ऑस्ट्रेलिया में त्रिकोणीय सीरीज का हिस्सा थे। हालांकि उनकी वापसी फिर सात वनडे तक ही टिकी रह सकी और उन्हें टीम से बाहर होना पडा़ था।
लेकिन विनय की चोट ने इरफान को फिर से खुद को साबित करने का मौका दे दिया है ताकि वह सितंबर में श्रीलंका में होने वाले ट्वेंटी-20 विश्वकप के लिए भारतीय टीम में जगह बना सकें। सत्ताईस वर्षीय पठान ने 115 एकदिवसीय मैचों में 22.58 के औसत से 1468 रन बनाए हैं और 29.89 के औसत से 165 विकेट हासिल किए हैं।
(IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!)
More on: irfan pathan, srilanka tour, team india, vinay kumar








कमेंट्स
0