लंदन। ब्रिटेन ने 27 जुलाई से शुरू हो रहे लंदन ओलंपिक की सुरक्षा के लिए 1200 और सैनिकों को अलर्ट रहने को कहा है ताकि किसी आपात स्थिति में उन्हें तुरंत तैनात किया जा सके।
सांस्कृतिक, ओलंपिक, मीडिया और खेल सचिव जेरेमी हंट ने एक बयान में कहा कि सभी मंत्री इस बात पर सहमत थे कि मौजूदा समय में अतिरिक्त सैनिक तैनात करने की कोई जरूरत नहीं है लेकिन आपात योजना के तहत 1200 सैनिकों को विकल्प के तौर पर रखा गया है।

ब्रिटेन ने यह फैसला तब किया जब निजी सुरक्षा एजेंसी जी 4 एस ने कहा कि वह समय पर निर्धारित संख्या में सुरक्षा गार्ड उपलब्ध नहीं करा पाएगा। इस तरह 1200 सैनिकों की यह संख्या उन 3500 सैनिकों के अतिरिक्त है जिन्हें पिछले सप्ताह ओलंपिक स्थलों की निगरानी के लिए तैनात किया गया था।
इस बीच ‘लंदन 2012’ के बैज लगाए सैन्यकर्मी विभिन्न खेल परिसरों और ओलंपिक पार्क में पहुंचने लगे हैं और हवाई अड्डों के तर्ज पर विकसित सुरक्षा जांच बूथों पर तैनात हो रहे हैं। इनमें से कई अफगानिस्तान से हाल ही में लौटे हैं।
लंदन को ओलंपिक की मेजबानी दिए जाने की घोषणा के अगले ही दिन शहर में कई आत्मघाती विस्फोट हुए थे जिसके कारण यहां की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंताएं उठी थी लेकिन अब सात साल बाद कांबैट यूनीफार्म से लैस सैन्यकर्मी अपनी सहज उपस्थिति दर्ज कराकर शहर में आने वालों को निर्भयता का भाव प्रदर्शित कर रहे हैं।
ओलंपिक मंत्री ह्यूज राबर्टसन ने कहा कि हमारी सेना आगंतुकों को बार-बार आश्वस्त कर रही है कि सुरक्षा व्यवस्थाएं बिल्कुल चाक चौबंद हैं। कुछ एथलीटों को चिंता जरूर होगी लेकिन प्रवेश द्वारों पर हमारे हथियारबंद जवानों को देखकर वह ज्यादा आश्वस्त होंगे।
(IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!)
More on: london olympics 2012, security, london olympic








कमेंट्स
0