मेरठ में लोगों ने अधिकारी के गले में रस्सी डाल घुमाया
Posted on Jul 24, 2012 at 08:03am IST | Updated Jul 24, 2012 at 10:25am IST
मेरठ। समाजवादी पार्टी ने विधानसभा चुनाव से पहले जनता से भरपूर बिजली देने का वादा किया था लेकिन वादा तो वादा ही बनकर रह गया है। मेरठ में बिजली नहीं आने पर लोगों ने स्टेशन सप्लाई ऑफिसर को न केवल बंधक बनाया बल्कि उसके गले पर रस्सी डालकर इलाके में घुमाया।
मेरठ में बिजली न आने से गुस्साए लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारे लगाए और स्टेशन सप्लाई अफसर को घंटों बंधक बनाए रखा। जब इससे भी लोगों का दिल नहीं भरा तो स्टेशन सप्लाई अफसर के गले में रस्सी डालकर घुमाया।
मालूम हो कि मेरठ और इसके आस पास के इलाकों में इन दिनों बेतहाशा बिजली कटौती हो रही है और रमजान के दौरान रोजेदारों को काफी दिक्कतें पेश आ रही हैं। सरकार में आने से पहले समाजवादी पार्टी ने जनता से बिजली और पानी के तो खूब वायदे किए लेकिन जब सत्ता में आई तो इन वादों को भूल गई। मेरठ में लोग बदस्तूर रोज बिजली कटौती के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन इनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। जब जनता ने अपने तरीके से इंसाफ किया तो अधिकारी भी सकते में आ गए।
वहीं यूपी के जालौन जिले में भी लोग अंधाधुंध बिजली कटौती से परेशान हैं। जब जालौन के उरई इलाके में लोग बिजली की आंख मिचौली से परेशान हो गए तो उन्होंने जिला अस्पताल के सामने जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों में रोजेदार भी शामिल थे जो इन दिनों बिजली कटौती से कुछ ज्यादा ही परेशान हैं। इलाके के लोग इतने परेशान हैं कि लोगों ने अपना इफ्तार भी सड़कों पर ही कर डाला।
हंगामा बढ़ता देख मौके पर पुलिस और प्रशासन के लोग पहुंचे। लोगों की शिकायत है कि प्रदेश के कुछ इलाके में 24 घंटे की बिजली दी जा रही है लेकिन कुछ इलाकों के साथ सौतेला जैसा व्यवहार किया जा रहा है। बहरहाल आला अधिकारियों के समझाने पर लोगों का गुस्सा ठंडा हुआ और 24 घंटे बिजली सप्लाई के आश्वासन के बाद लोगों ने सड़क जाम हटाया।
(IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!)
(
अब IBN7 देखिए अपने आईपैड पर भी। इसके लिए IBNLive का आईपैड एप्स डाउनलोड कीजिए। बिल्कुल मुफ्त!)
More on: electricity supply, up, people, protest, meerut, jalaun, akhilesh yadav, sp, up
कमेंट्स
3