कोलंबो। भारतीय क्रिकेट टीम ने आर प्रेमदासा स्टेडियम में मंगलवार को खेले गए चौथे एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय मुकाबले में श्रीलंका को 6 विकेट से हराकर सीरीज पर कब्जा कर लिया। भारत 5 मैचों की सीरीज में 3-1 से आगे है।
श्रीलंका की ओर से रखे गए 252 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 46 गेंद शेष रहते चार विकेट के नुकसान पर 255 रन बनाए जिनमें विराट कोहली के नाबाद 128 और सुरेश रैना के नाबाद 58 रन शामिल है। कोहली ने 119 गेंदों पर 12 चौके और एक छक्का लगाया जबकि रैना ने 51 गेंदों पर चार चौके और एक छक्का लगाया। दोनों बल्लेबाजों ने पांचवें विकेट के लिए नाबाद 146 रन जोड़े।

शुरुआत में गम्भीर का विकेट खोने के बाद वीरेंद्र सहवाग ने विराट कोहली के साथ मिलकर पारी को सम्भालने की कोशिश की और दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 52 रनों की साझेदारी की। सहवाग को 34 रन के निजी योग पर एंजेलो मैथ्यूज की गेंद पर स्थानापन्न खिलाड़ी सचित्रा सेनानायके ने कैच किया। मनोज तिवारी ने 21 रनों की पारी खेली।
इससे पहले, श्रीलंका ने निर्धारित 50 ओवरों में आठ विकेट पर 251 रन बनाए। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत अच्छी रही। श्रीलंका की ओर से उपुल थरंगा और तिलकरत्ने दिलशान ने पारी की शुरुआत की। दोनों बल्लेबाजों ने अपनी टीम को शानदार शुरुआत दिलाते हुए पहले विकेट के लिए 91 रन जोड़े।
श्रीलंका का पहला विकेट दिलशान के रूप में गिरा। दिलशान को 42 रन के निजी योग पर अशोक डिंडा की गेंद पर विकेट कीपर महेंद्र सिंह धौनी ने विकेट के पीछे लपका। दिलशान ने सात चौके लगाए। दिलशान के आउट होने के बाद थरंगा भी 51 रन बनाकर रविचंद्रन अश्विन की गेंद पर धौनी के हाथों स्टम्प आउट हो गए। थरंगा ने 73 गेंदों पर चार चौके और एक छक्का लगाया।
विकेट कीपर बल्लेबाज दिनेश चांदीमल ने 28 रनों का योगदान दिया। उन्हें तिवारी ने इरफान पठान के हाथों कैच कराया। चांदीमल ने लाहिरू थिरिमान्ने के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 50 रन जोड़े। इसके बाद कप्तान माहेला जयवर्धने कुछ खास नहीं कर सके और वह तीन रन बनाकर सहवाग की गेंद पर धौनी के हाथों कैच आउट हो गए।
श्रीलंका का पांचवां विकेट मैथ्यूज के रूप में गिरा, जिन्हें 14 रन के निजी योग पर तिवारी ने कोहली के हाथों कैच कराया। मेंडिस कुछ खास नहीं कर सके और वह 17 रन के निजी योग पर तिवारी की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद तिवारी ने हरफनमौला थिसारा परेरा को दो रन के निजी योग पर रैना के हाथों कैच करा दिया।
थिरिमान्ने के रूप में श्रीलंका का आठवां विकेट गिरा। थिरिमान्ने को अश्विन ने 47 रन के निजी योग पर बोल्ड किया। रंगना हेराथ (17) और मलिंगा (15) नाबाद लौटे।
भारत की ओर से तिवारी ने सर्वाधिक चार जबकि अश्विन ने दो विकेट झटके वहीं डिंडा और सहवाग के खाते में एक-एक विकेट गया।
(IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!)
More on: team india, srilanka, oneday series, win, virat kohli, century








कमेंट्स
0