नई दिल्ली। लंदन ओलंपिक्स में भारत को अब तक इकलौता सिल्वर मेडल दिलाने वाले शूटर विजय कुमार अब से कुछ देर दिल्ली पहुंच गए। विजय का स्वागत एयरपोर्ट पर जोरदार ढंग से किया गया। सिल्वर मेडल जीतकर लौटे विजय कुमार काफी खुश नजर आ रहे थे। अन्य टॉप शूटरों को पछाड़कर पुरुष 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल इवेंट में भारत को सिल्वर मेडल दिलाया है।
गौरतलब है कि लंदन ओलंपिक में भारत को रजत दिलाकर लौटे पिस्टल शूटर विजय कुमार की सेना से हटने की धमकी के बाद सेना अपने इस हीरो को सूबेदार से सूबेदार मेजर बनाने जा रही है और साथ ही उनकी बकाया राशियों का भी भुगतान उन्हें कर दिया जाएगा। विजय ने सेना में पिछले कुछ वर्षों में कोई पदोन्नति न मिलने को लेकर गहरी नाराजगी जताई थी और सेना छोड़ने की धमकी भी दे दी थी।

आईबीएन7 से बातचीत में विजय कुमार ने एक बार फिर कहा कि अगर उन्हें प्रमोशन नहीं मिला तो वो सेना की नौकरी छोड़ने पर विचार कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें कई अच्छे ऑफर आ रहे हैं जिन पर वो विचार कर रहे हैं।
प्रश्नः क्या उम्मीद थी कि लंदन में आप इतना बड़ा करिश्मा करेंगे?
विजयः एक स्पोर्टसमैन जब भी किसी कंपटीशन में जाता है उसकी ही कोशिश रहती है कि अच्छे से अच्छा प्रदर्शन करे और मेडल लेकर आए।
प्रश्नः जब आपको सिल्वर मेडल मिला तब पहली बात क्या दिल में आई?
विजयः फोकस गेम पर होने की वजह से खेल के दौरान मुझे इस बात का अहसास नहीं हुआ। थोड़ी देर बाद जब यह मालूम हुआ कि मैं अंतिम तीन में आ गया हूं और एक मेडल पक्का हो गया है तो संतुष्टि का अहसास जरूर हुआ।
प्रश्नः विजय सेना को लेकर सवाल उठ रहा है? आपका क्या फ्यूचर प्लान है?
विजयः स्पोर्ट्स मिनिस्ट्री का ऑफर आया है कि अगर आप ओलंपिक में पदक लेकर आते हैं तो आपको आईएएस के बराबर जॉब ऑफर होगी। तो मैं भी आशा करता हूं कि मुझे यहां यह जॉब ऑफर हो, उसी के हिसाब से मैं फैसला लूंगा।
प्रश्नः अगर आर्मी का जॉब ऑफर नहीं रहा तो क्या करेंगे?
विजयः आर्मी का फैसला आने में अभी एक दिन का वक्त है, उसी के हिसाब से मैं आगे की रणनीति बनाउंगा। उम्मीद है कि आर्मी मुझे बेहतर पद देगी।
(IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!)
More on: VIjay Kumar, Shooter, Silver Medalist, London Olympic 2012, India, Subedar Major, Indian Army








कमेंट्स
4