नई दिल्ली। एयरहोस्टेस गीतिका की मौत मामले में एक नया खुलासा हुआ है। इस मामले में एक नए किरदार एक्ट्रेस नूपुर मेहता की एंट्री हो गई है। वही नूपुर मेहता जिसने कुछ महीने पहले फिक्सिंग को लेकर क्रिकेट की दुनिया में हलचल मचा दी थी। नूपुर और गीतिका दोनों गोपाल कांडा के गोवा स्थित कैसिनो में काम करती थीं। बताया जा रहा है कि गीतिका के पास फाइव स्टार होटल के इस कैसिनो की देखरेख की जिम्मेदारी थी लेकिन साल 2009 में किसी मुद्दे को लेकर गीतिका और नूपुर के बीच विवाद हो गया था। यहां तक कि गीतिका ने नूपुर और एक दूसरी लड़की के खिलाफ पुलिस में शिकायत तक की थी।
IBN7 से बातचीत ने नूपुर मेहता ने इस बात की तस्दीक भी की। IBN7 से बातचीत में नूपुर ने माना कि गीतिका के साथ उनका विवाद था। नूपुर ने ये तो बताया कि उनके और गीतिका के बीच विवाद थाने तक पहूंचा था लेकिन विवाद था क्या ना तो उन्होंने इस बारे में कुछ कहा और ना ही ये बताया कि वो दूसरी लड़की कौन थी जिसके खिलाफ गीतिका ने पुलिस में शिकायत की थी।

क्या ये वही लड़की थी जिसके बारे में गीतिका ने सुसाइड लैटर में जिक्र किया था? सुसाइड लेटर में गीतिका ने कांडा पर आरोप लगाते हुए लिखा था कि उनके गोवा में एक लड़की के साथ अवैध संबंध थे जिसके चलते उनकी एक बच्ची भी है। हालांकि नूपुर इस मामले में ना सिर्फ खुद को बल्कि गोपाल कांडा को भी क्लीन चिट देती दिखीं।
सूत्रों के मुताबिक कांडा के गीतिका के साथ नजदीकी रिश्ते थे और कांडा का गोवा आना जाना रहता था, वहां गीतिका उनके साथ मौजूद रहती थी। तो क्या इस रहस्यमय महिला की वजह से गीतिका और कांडा के बीच रिश्ते बिगड़े? सवाल ये भी कि साल 2009 में कांडा की एविएशन कंपनी बंद हो गई थी। ऐसे में अरुणा चड्ढा कंपनी में क्यों बनी रहीं?
बता दें कि नूपुर इस साल तब सुर्खियों में आई थीं जब लंदन के एक अखबार ने उन्हें क्रिकेट में फिक्सिंग के लिए हनी ट्रैप के तौर पर इस्तेमाल होने की बात कही थी।
(IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!)
More on: MDLR ex-staffer suicide, Geetika Sharma, Haryana, Gopal Kanda








कमेंट्स
0