नई दिल्ली। मानसून के शुरू होते ही बालों के झड़ने की समस्या आम है। लेकिन इससे परेशान होने की जरूरत नहीं है क्योंकि कुछ घरेलू नुस्खे इस समस्या से निजात दिला सकते हैं। विशेषज्ञों की मानें तो मेथी के दाने, सिरका, जैतून का तेल बालों की सेहत बनाने में कारगर साबित होता है।
प्रसिद्ध सौंदर्य विशेषज्ञ शहनाज हुसैन ने कहा कि तेल और पसीना बाल और उसकी जड़ों से चिपक जाती हैं। यह हवा से प्रदूषण और धूल को भी खींचता है। इससे छुटकारा पाने के लिए बालों को अक्सर धोने की जरूरत होती है, खासकर उन्हें जिनके बाल तैलीय हैं।

वह शिकाकाई, रीठा , ब्राह्मी, आंवला और हिनायुक्त शैंपू से बाल धोने की सलाह देती हैं। तैलीय बाल के अलावा रूसी भी बालों की सेहत की दुश्मन होती है।
'इंटरनेशनल स्कीन एंड एंटी-एजिंग सेंटर' (आईएसएएसी) की चिकित्सा निदेशक गीतिका मित्तल कहती हैं कि यह अस्वस्थ बालों की निशानी है और वह इसके लिए हेयर स्पा को सबसे बेहतर विकल्प मानती हैं।
शहनाज की मानें तो घरेलू उपाय से सिर की खुजली को कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि एक छोटा चम्मच सिरका एक मग पानी में मिला कर शैंपू करने के बाद लगा कर धोएं। इससे बालों में होने वाली खुजली से भी राहत मिलती है।
वह जैतून के तेल और सीसम के तेल को गर्म कर रूई से बालों की जड़ों में लगाने की सलाह देती हैं। जड़ी-बूटियों से सौंदर्य निखारने के लिए पहचानी जाने वाली शहनाज का कहना है कि गेंदे के फूल को गर्म पानी में मिलाकर शैम्पू करने के बाद धोना बालों की सेहत के लिए अच्छा होता है।
वहीं हेयर स्टाइलस्टि रिनी इन घरेलु नुस्खों के अलावा खान-पान पर ध्यान देने की भी हिदायत देती हैं। उनकी मानें तो लोगों को इस मौसम में अपने खाने में ताजे फल, सलाद, अंकुरित अनाज शामिल करना चाहिए।
(IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!)
More on: hair fall, hair care, shahnaz husain, hair








कमेंट्स
0