शिलांग। दो नए भर्ती हवलदारों को अपने साथी प्रशिक्षुओं का पेशाब पीने के लिए बाध्य करने पर मेघालय सरकार ने शनिवार को पुलिस प्रशिक्षक प्रदीप बोराह को निलंबित कर दिया। बोराह यहां से करीब 300 किलोमीटर दूर पश्चिमी गारो हिल्स के गोराग्रे स्थित द्वितीय मेघालय पुलिस बटालियन में तैनात था।
यह घटना तब हुई जब सामुदायिक रसोई में खाना खाने के समय दो हवलदारों का एक अन्य नवनियुक्त हवलदार से झगड़ा हो गया। मेघालय के पुलिस महानिदेशक एन. रामचंद्रन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी प्रशिक्षक को निलंबित कर दिया गया है।
मेघालय के गृह मंत्री एच.डी.आर. लिंगदोह ने कहा कि आरोपी अगर दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि न तो पुलिस बल में और न ही कहीं और किसी को भी इस तरह का अमानवीय दंड देने की अनुमति है। गृह मंत्री ने कहा कि घटना की वजह पता लगाने के लिए बटालियन कमांडेंट जांच कर रहे हैं। यदि प्रशिक्षक दोषी पाया गया तो हम निश्चित तौर पर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे।
प्रशिक्षक प्रदीप बोराह ने कथित तौर पर तीनों हवलदारों से बोतलों में पेशाब करने के लिए कहा और फिर उन दोनों हवलदारों पर उसे पीने के लिए दबाव बनाया। शुक्रवार को रात के समय 600 हवलदारों के सामने यह घटना हुई।
(IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!)
More on: trainee hawaldaar, urine, trainer suspended, meghalay government








कमेंट्स
0