नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस योजना बना रही है कि पूर्व विमान परिचारिका गीतिका शर्मा से लिए गए 'वैजिनल स्वैब' का हरियाणा के पूर्व मंत्री गोपाल कांडा के वीर्य से मिलान कराया जाए। गीतिका ने खुदकुशी कर ली थी और इसके लिए उसने कांडा को जिम्मेदार ठहराया है।
कांडा को शनिवार को समर्पण करने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। अदालत ने उसे सात दिनों के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया है। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि वे कांडा के वीर्य का नमूना शीघ्र लेने की योजना बना रहे हैं। पुलिस अधिकारी ने कहा कि वे गीतिका से लिए गए 'वैजिनल स्वैब' के नमूने को कांडा के नमूने से मिलान कराएंगे।

गीतिका की 11 पृष्ठों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कहा गया है कि आत्महत्या से दो दिन पहले भी उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया गया था। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि गीतिका के साथ अक्सर शारीरिक संबंध बनाया जाता था। पोस्टमार्टम एक संयुक्त टीम ने किया है जिसमें मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज एवं लोकनायक अस्पताल के चार डॉक्टरों की टीम शामिल थी।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि गीतिका और कांडा के नमूनों का मिलान कराया जाएगा और अगर गीतिका के 'वैजिनल स्वैब' के नमूने में कांडा के वीर्य की मौजूदगी पाई जाती है तो कांडा के खिलाफ पुलिस केस और मजबूत हो जाएगा।
पुलिस ने इससे पहले अदालत में कहा था कि कांडा की सहयोगी चड्ढा ने इस बात की पुष्टि की है कि गीतिका ने लाजपत नगर क्लीनिक में एक बार गर्भपात करवाया था। चड्ढा को आठ अगस्त को गिरफ्तार किया गया था और फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में है। चड्ढ़ा ने जांचकर्ताओं को पूछताछ में बताया कि कांडा के एमडीएलआर एयरलाइंस में केवल तीन विमान थे जबकि कंपनी में 60 विमान परिचारिकाएं काम कर रही थीं।
एमडीएलआर के कानूनी सलाहकार ने गीतिका और उसके भाई से उसकी आत्महत्या के एक दिन पूर्व बात की थी। उस दौरान गीतिका अपने भाई अंकित के फैशन शो में हिस्सा लेने के लिए मुम्बई में थी। गीतिका के चचेरे भाई गौरव ने कहा कि उसके बाद से उसकी बहन काफी तनाव में आ गई।
गीतिका के भाई अंकित ने कहा कि उसकी बहन का फेसबुक अकाउंट भी बंद कर दिया गया। इस बारे में पुलिस उपायुक्त को भी सूचना दी गई। मैं नहीं जानता कि किसने और कैसे इसे बंद किया। लेकिन इसके पीछे कांडा है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में अब तक 30 से अधिक लोगों से पूछताछ की है और हरियाणा, गोवा और सिलीगुड़ी में करीब 60 स्थानों पर छापेमारी की है।
(IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!)
More on: gopal kanda, geetika sharma, arrest, delhi police, test, sexual relation








कमेंट्स
0