नई दिल्ली। कोयला ब्लॉक आवंटन पर कैग रिपोर्ट के बाद प्रधानमंत्री के इस्तीफे पर अड़ी भारतीय जनता पार्टी द्वारा पिछले एक सप्ताह से संसद में हंगामे और गतिरोध के बीच कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आज बीजेपी सांसद कीर्ती आजाद से मुलाकात की। दोनों के बीच बैठक करीब 15 मिनट तक चली। बीजेपी सांसद कीर्ती आजाद ने बाद में संवाददाताओं से कहा कि वे स्वास्थ्य का हालचाल जानने के लिए सोनिया गांधी से मिले थे।
संसद में गतिरोध खत्म करने के लिए इससे पहले लोकसभा स्पीकर मीरा कुमार और गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने भी बीजेपी नेताओं से अलग-अलग मुलाकात की। आज दोपहर कैग रिपोर्ट पर हंगामे के बाद सदन के दो बजे तक स्थगित होने के बाद स्पीकर मीरा कुमार ने लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज से मुलाकात की।

इससे पहले गृह मंत्री शिंदे ने बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन और गोपीनाथ मुंडे से मुलाकात की थी। लेकिन इन मुलाकातों के बाद भी गतिरोध खत्म होता नहीं दिख रहा। बीजेपी अपने रुख पर कायम है और प्रधानमंत्री के इस्तीफे से कम को तैयार नहीं है, वहीं कांग्रेस सुप्रीमो सोनिया ने भी आज कड़ा रुख अख्तियार करते हुए पार्टी नेताओं को आक्रामक होने की बात कही है। हंगामे की वजह से आज भी संसद नहीं चल सकी और 30 अगस्त तक स्थगित हो गई।
(IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!)
More on: coal block, cag report, parliament, bjp, kirti azad, sonia gandhi, meeting, politics








कमेंट्स
0