मुंबई। एमएनएस चीफ राज ठाकरे ने एक बार फिर नफरत की राजनीति की है। राज ठाकरे ने धमकी दी है कि अगर मुंबई अमर जवान ज्योति तोड़ने वाले युवक को बिहार से गिरफ्तार कर लाई मुंबई पुलिस पर बिहार सरकार ने कानूनी कार्रवाई की तो वो महाराष्ट्र में रह रहे सभी बिहारियों को घुसपैठिया करार देकर उन्हें खदेड़ देंगे।
राज ठाकरे उस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे थे, जिनमें कहा गया था कि बिहार के चीफ सेक्रेटरी नवीन कुमार ने इस मामले में मुंबई के पुलिस कमिश्नर से नाराजगी जताई है। ठाकरे ने कहा कि बिहार के चीफ सेक्रेटरी ने मुंबई पुलिस के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की धमकी दी है।

ठाकरे ने कहा कि जिस शख्स ने आजाद मैदान हिंसा वाले दिन अमर जवान ज्योति को नुकसान पहुंचाया, वो बिहार से गिरफ्तार किया गया। मैं बिहार के चीफ सेक्रेटरी से कहना चाहता हूं कि आपके राज्य की वजह से महाराष्ट्र में अपराध बढ़ रहे हैं।
जेडीयू नेता शिवानंद तिवारी ने राज ठाकरे की इस बयानबाजी को कांग्रेस की कमजोरी बताया है। शिवानंद के मुताबिक महाराष्ट्र कांग्रेस सरकार ने राज के ऐसे बयानों और हरकतों पर कार्रवाई नहीं की, इसी वजह से राज ठाकरे का हौसला बढ़ा है।
मुख्तार अब्बास नकवी ने भी साफ कहा कि हर हिंदुस्तानी को देश के किसी भी हिस्से में रहने का हक है। वहीं बीजेपी नेता ने राज ठाकरे के इस बयान की कड़ी निंदा की है। उनके मुताबिक अगर महाराष्ट्र की कांग्रेस सरकार उत्तर भारतीयों को पीटने वाली हरकतों को लेकर राज ठाकरे पर देशद्रोह का मुकदमा चलाया होता तो ऐसी नौबत ही नहीं आती।
गौरतलब है कि बिहार के रहने वाले एक युवक को मुंबई पुलिस ने बिहार के सीतामढ़ी से गिरफ्तार किया था। उस पर 11 अगस्त को आजाद मैदान हिंसा वाले दिन अमर जवान ज्योति को तोड़ने का आरोप है।
(IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!)
More on: raj thackeray, comment, bihari, mns, mumbai, bihar








कमेंट्स
8