बैतूल। मध्यप्रदेश में बजरंग दल छोड़कर एनएसयूआई में शामिल होने की कीमत एक छात्र नेता को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। उसके पुराने साथियों ने उसे चार दिन पहले जिंदा जला दिया। आज उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में बजरंग दल से जुड़े चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
मरने वाले छात्र नेता का नाम राहुल जोशी है। जोशी पहले बजरंग दल का कार्यकर्ता था। हाल ही में उसने एनएसयूआई का दामन थाम लिया था। राहुल जोशी ने पुलिस को बताया कि 31 अगस्त को उसके पुराने साथियों ने उसे वापस बजरंग दल में शामिल होने को कहा। उसके इनकार करने पर आरोपियों ने उसे केरोसिन डालकर जिंदा जला दिया। चार दिन जिंदगी और मौत के बीच झूलने के बाद राहुल ने आज दम तोड़ दिया।

राहुल ने मरने से पहले पुलिस को बयान दिया कि मुझे बजरंग दल वालों ने मारा है। तीन चार-बार पहले भी मारा लेकिन मैंने सहन कर लिया। वो चाहते हैं कि मैं एनएसयूआई का काम नहीं करूं।
पुलिस का कहना है कि जिन लोगों पर राहुल ने आरोप लगाया था उनको घटना के अगले ही दिन गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया गया है और इस मामले में कानून अपना काम करेगा। आरोपियों पर हत्या की कोशिश की धारा लगी थी जो राहुल की मौत के बाद हत्या की धारा में बदली जा रही है।
कांग्रेस नेता अजय सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लोगों ने प्रदेश में कानून अपने हाथ में ले लिया है। वे बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ पूरे प्रदेश में 14 सितंबर को प्रदर्शन करेंगे।
(IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!)
More on: bajarang dal, bjp, nsui, murder, police, arrest








कमेंट्स
2