नई दिल्ली। गुजरात विधानसभा चुनाव में बीजेपी को करीब 50 फीसदी वोट हासिल हो सकते हैं। सीटों के नजरिेए से देखा जाए तो मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी सत्ता की हैट्रिक लगाते नजर आ रहे हैं और उन्हें कुल 182 में से 133 सीटें मिलने का अनुमान है। कांग्रेस के हालांकि पिछले 38 फीसदी वोट बरकरार रहने का अनुमान है लेकिन सीटों के नजरिए से उसे भारी घाटा होने जा रहा है और वो 2007 में मिली सीटों से भी 16 कम यानी महज 43 पर सिमट सकती है। लेंसऑनन्यूज के एक सर्वे में इस नतीजे का दावा किया गया है।
इस सर्वे में 52 विधानसभा सीटों के 7294 मतदाताओं को शामिल किया गया था। इसमें बीजेपी को 2007 के मुकाबले 16 सीटों के फायदे तो कांग्रेस को इतनी ही सीटों के नुकसान का आकलन किया गया है।
सर्वे के मुताबिक कांग्रेस को हुए नुकसान का सबसे बड़ा कारण नरेंद्र मोदी जैसे कद्दावर नेता के मुकाबले राज्य में कोई सक्षम नेतृत्व का न होना है। मोदी ने इस चुनाव को छह करोड़ गुजराती बनाम दिल्ली की सोनिया-राहुल गांधी की सल्तनत बना दिया है।

सर्वे 2 सितंबर से 28 सितंबर के बीच किया गया और इसके परिणामों में तीन फीसदी के मार्जिन की गुंजाइश बनी हुई है। सर्वे में कहा गया है कि पूर्व बीजेपी नेता केशुभाई पटेल की रैली और अलग पार्टी भी बीजेपी को कोई नुकसान पहुंचाने में सफल नहीं हो पाई है।
(IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!)
More on: gujrat election 2012 , gujarat assembly election, narendra modi, pre poll survey, bjp lead








कमेंट्स
4