इस्लामाबाद। लड़कियों की शिक्षा के हक में आवाज उठाने वाली पाकिस्तानी किशोरी मलाला यूसुफजई की स्थिति में सुधार हो रहा है। यह जानकारी पाकिस्तानी सेना ने दी है। मलाला को तालिबान ने गोली मारकर घायल कर दिया था। सेना के मीडिया प्रकोष्ठ अंतर-सेवा जन सम्पर्क (आईएसपीआर) के महानिदेशक मेजर जनरल असीम बाजवा के हवाले से जियो न्यूज ने रविवार को यह जानकारी दी।
बाजवा ने कहा, "मलाला के हाथों और पैरों में हलचल देखी गई है। यह सकरात्मक संकेत है।" बाजवा ने बताया कि अब तक मलाला को इलाज के लिए विदेश ले जाने का कोई फैसला नहीं किया गया है। वह अब तक वेंटीलेटर पर है और उसे हटाने के बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।

उन्होंने बताया कि हमले में घायल हुईं दो अन्य लड़कियों की भी देखरेख की जा रही है। उन्होंने इस बारे में विस्तार से कुछ नहीं बताया।
मलाला को मंगलवार को खबर पख्तूनख्वा में स्कूल से लौटते समय गोली मार दी गई थी। तालिबान ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी। इस हमले में दो और लड़कियां भी घायल हो गई थीं। इस घटना को लेकर दुनिया भर में आक्रोश है और कई देशों के नेताओं ने इसकी निंदा की है।
(IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!)
More on: malala yousufzai, pakistan, taliban, shooting, malala, pakistan military, women's rights, pakistan army, swat valley








कमेंट्स
0