हैदराबाद। हरफनमौला खिलाड़ी युवराज सिंह (नाबाद 133) और कप्तान शिखर धवन (121) की बेहतरीन बल्लेबाजी की बदौलत उत्तर क्षेत्र ने राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में रविवार से शुरू हुए दलीप ट्रॉफी के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में मध्य क्षेत्र के खिलाफ पहले दिन अपनी पहली पारी में चार विकेट पर 346 रन बनाए। दिन का खेल खत्म होने तक पारस डोगरा 30 रन पर नाबाद लौटे।
डोगरा और युवराज के बीच पांचवें विकेट के लिए 71 रनों की साझेदारी हो चुकी है। युवराज अपनी पारी के दौरान 152 गेंदों पर 20 चौके और दो छक्के लगा चुके हैं। इससे पहले, उत्तर क्षेत्र ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।
उसकी ओर से पारी की शुरुआत राहुल दीवान और शिखर ने की। दीवान के रूप में उत्तर क्षेत्र का पहला विकेट गिरा जिन्हें रितुराज सिंह की गेंद पर अम्पायर ने पगबाधा करार दिया। दीवान ने 17 रन बनाए।
नितिन सैनी को 35 रन के निजी योग पर प्रवीण कुमार ने भुवनेश्वर कुमार के हाथों कैच कराया। सैनी ने शिखर के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 75 रन जोड़े।
शिखर अपनी बेहतरीन पारी के दौरान 200 गेंदों पर 14 चौके लगाए। उन्हें मुरली कार्तिक ने अपनी ही गेंद पर कैच किया। दिन का अंतिम विकेट मनदीप सिंह के रूप में गिरा। मनदीप चार रन बनाकर आउट हुए। मनदीप को प्रवीण ने कार्तिक के हाथों कैच कराया। मध्य क्षेत्र की ओर से प्रवीण ने दो जबकि रितुराज और कार्तिक ने एक-एक विकेट झटके।
(IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!)
More on: dilip trophy, yuvraj singh, 133 runs, shikhar dhawan








कमेंट्स
0