पणजी। खुद को गोवा का पूर्व मुख्यमंत्री दिगंबर कामत बताकर एक ठग ने कांग्रेस सांसद विजय दर्डा से 34 लाख रुपये ठग लिए। बाद में उसने कामत को भी फोन कर रुपये मांगे। पुलिस ने इस सिलसिले में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विजय दर्डा की शिकायत पर पुणे पुलिस ने इस मामले में 18 अक्टूबर को मामला दर्ज किया। अपनी शिकायत में दर्डा ने कहा है कि एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को कामत बताकर उन्हें फोन किया और उनसे 34 लाख रुपये मांगे। उस व्यक्ति ने कहा कि ये रुपये जेल में बंद हरियाणा के पूर्व मंत्री व कांग्रेस विधायक गोपाल कांडा की मदद के लिए चाहिए, जो अपने एयरलाइंस की पूर्व कर्मचारी गीतिका शर्मा की आत्महत्या के मामले में जेल में हैं।
कामत ने कहा कि दर्डा ने कुछ दिन पहले मुझे फोन कर पूछा कि क्या मुझे पैसे मिले तो मैं चौंक गया। उन्होंने बताया कि किसी व्यक्ति को खुद को मुझे बताते हुए उनसे रुपये मांगे, जिसे उन्होंने दे दिया। इस पर मैंने उन्हें पुलिस में शिकायत दर्ज करने के लिए कहा।
कामत ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब ऐसा हुआ। जब मैं मुख्यमंत्री था तो मुझे भी ठगों के ऐसे बहुत से फोन आते थे, जो खुद को फलां-फलां बताकर पैसे की मांग करते थे। निश्चित तौर पर इसका संचालन एक बड़ा गिरोह कर रहा है। दर्डा ने अपनी शिकायत में कहा है कि उन्होंने नौ और 11 अक्टूबर को दो बार में 34 लाख रुपये दिए। उस व्यक्ति ने 15 अक्टूबर तक रुपये लौटाने की बात कही थी।
(IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!)
More on: vijay darda, mp vijay darda, digambar kamat, cheated 34 lakh from vijay darda








कमेंट्स
0