नई दिल्ली। देश के सबसे बड़े टेलीविजन नेटवर्क में से एक का संचालन करने वाली सन टीवी नेटवर्क लिमिटेड़ ने सबसे ऊंची बोली लगाकर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की हैदराबाद फ्रेंचाइजी टीम का मालिकाना हक हासिल किया है।
उद्योगपति कलानिधि मारन के सन टीवी नेटवर्क ने 85.05 करोड़ रुपये सलाना के दर पर पांच साल के लिए हैदराबाद फ्रेंचाइजी के लिए 425 करोड़ रुपये से अधिक की बोली लगाई। सन टीवी नेटवर्क के तहत 32 टीवी चैनल, 41 एफएम रेडियो स्टेशन, दो दैनिक समाचार पत्र और विभिन्न भारतीय भाषाओं में चार पत्रिकाएं शामिल हैं।

कंपनी की स्थापना 18 दिसम्बर 1985 को सुमंगली पब्लिकेशन प्राइवेट लिमिटेड के रूप में हुई थी। सन टीवी नेटवर्क ने शुरू में तमिल सैटेलाइट चैनल के रूप में काम करना शुरू किया और बाद में तेलुगू, मलयालम और कन्नड़ भाषा में अन्य चैनल लेकर आई।
कंपनी के पास अपना अर्थ स्टेशन भी है जहां से कार्यक्रम को सीधे उपग्रह तक भेजा जाता है। कंपनी के एक प्रमुख चैनल सन टीवी का प्रसारण एशिया के अलावा दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, यूरोप और अमेरिका में भी होता है।
14 अप्रैल 1993 को पहली बार सन टीवी तमिल घरों में पहुंची थी। शुरू में एटीएन के साथ साझेदारी के तहत यह सिर्फ साढ़े चार घंटे कार्यक्रमों का प्रसारण करती थी। जनवरी 1995 में इसने 24 घंटे की प्रसारण सेवा शुरू की।
वर्ष 2001 में तमिल, मलयालम, कन्नड़ और तेलुगू भाषाओं में सर्वश्रेष्ठ टीवी चैनलों के लिए कंपनी को भारतीय टेलीविजन अकादमी पुरस्कार दिया गया।
वर्ष 2003 में कंपनी ने पहली बार तमिलनाडु के तीन शहरों चेन्नई, कोयम्बटूर और तिरुनेलवेली से एफएम चैनल शुरू किया। अभी कंपनी के पास देश भर में 45 एफएम चैनलों के लाइसेंस हैं।
एफएम चैनलों के विस्तार के दूसरे चरण में और लाइसेंसों के लिए बोली लगाने के लिए कंपनी ने 'काल रेडियो लिमिटेड' और 'साउथ एशिया एफएम लिमिटेड' की स्थापना की।
इस बीच कंपनी के नाम में कई बार बदलाव हुआ। 24 अप्रैल 2007 को जैमिनी और उदय चैनल के विलय के बाद कंपनी का वर्तमान नाम सन टीवी नेटवर्क लिमिटेड कर दिया गया।
(IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!)
More on: new delhi, sun tv network, ipl, deccan chargers, tamilnadu, kalanidhi maran








कमेंट्स
0