बरेली। उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व प्रवक्ता प्रो. रामगोपाल यादव ने रविवार को आरोप लगाया कि केन्द्र की यूपीए सरकार ने भ्रष्टाचार के आरोप में लिप्त मंत्रियों को आज हुए फेरबदल के तहत प्रोन्नत किया है जिससे यह सरकार खुद बेनकाब हो गयी है।
यादव ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि यूपीए सरकार में मंत्रिमंडल में फेरबदल कर अपनी मंशा जाहिर कर दी है और सलमान खुर्शीद जैसे आरोपित मंत्री प्रोन्नत कर दिये गये हैं।

उन्होंने कहा कि अगले माह दीपावली पर 145 पीसीएस अधिकारियों को आईएएस बनने का उपहार दिया जाएगा और 68 पीपीएस अधिकारी आईपीएस में पदोन्नत हो जाएंगे। इससे आईएएस और आईपीएस की मनमानी पर अंकुश लगेगा तथा इस संवर्ग के अधिकारियों की कमी भी दूर होगी। साथ ही भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्रवाई करना आसान होगा।
सपा प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी में भ्रष्ट और अनुचित गतिविधियों में लिप्त लोगों के लिए कोई स्थान नहीं है और ऐसे लोगों पर कार्रवाई करने में सपा हिचकेगी नहीं। उन्होंने कहा कि पार्टी में अफरातफरी फैलाने वाले चिन्हित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि इंडिया अगेंस्ट करप्शन के अरविंद केजरीवाल अन्य दलों की तरह सपा पर प्रहार करेंगे तो उनको जवाब दिया जाएगा।
प्रदेश में साम्प्रदायिक हिंसा की घटनाओं पर उनका कहना था कि यह दो दलों की साजिश है और सभी स्थानों पर शरारती तत्व चिन्हित कर लिये गए हैं जिनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाने को कहा है।
(IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!)
More on: samajwadi party, uttar pradesh, cabinet reshuffle, corruption, promotion








कमेंट्स
0