मुजफ्फरनगर। पूरब-पश्चिम, नमस्ते लंदन और न जाने कितनी ही ऐसी फिल्मों में आपने एक देसी लड़के और एक विदेशी लड़की के प्यार की कहानी देखी होगी। लेकिन असल जिंदगी के देसी बाबू और इंग्लिश मेम में प्यार हुआ, शादी हुई लेकिन अब देसी बाबू अकेले है और उनकी मेम है सात समंदर पार। दरअसल मुजफ्फरनगर के राशिद और आयरलैंड की रसल मैरी की मोहब्बत के आगे घरवालों ने भी सिर झुका दिया। दोनों ने कुछ ही दिन पहले शादी रचाई थी। लाल जोड़े में सजी विदेशी लड़की को देखकर हर बाराती हैरान रह गया था। लेकिन मोहब्बत के सामने सबकुछ फीका है।
शादी के दो महीने भी नहीं बीते कि दूल्हा अकेला रह गया। क्योंकि विदेशी दुल्हन अपने पति, अपने ससुराल और इस देश को छोड़कर जा चुकी है। रसेल वापस आयरलैंड चली गई और वहां जाकर उसने अपने शौहर राशिद को ई-मेल किया कि वो उसे भूल जाए। भूल जाए कि इन दोनों ने कभी एक साथ प्यार भरे लम्हे बिताए थे। भूल जाए कि वो राशिद के परिवार में कुछ दिन सबके साथ मिलजुलकर रही थी। साथ ही ये भी भूल जाए कि उसने राशिद के साथ निकाह किया था। क्योंकि वो अब लौटकर वापस नहीं आएगी।
लेकिन राशिद कुछ भी भूलने के लिए तैयार नहीं है। उसे और उसके परिवार के साथ धोखा करने वाली दुल्हन को उसने सबक सिखाने का फैसला कर लिया है।
दरअसल आयरलैंड से रशेल योगा सिखाने वाली एक टीम के साथ मुजफ्फरनगर आई थी। यहीं पहली बार राशिद और रशेल की मुलाकात हुई थी। उसकी जुबान समझने वाला सबसे पहला शख्स राशिद ही मिला। दोनों में बातें हुई। दोनों में दोस्ती बढ़ी और फिर दोनों एक दूसरे से प्यार करने लगे। प्यार एकतरफा है इस बात से राशिद अनजान था। राशिद रशेल के साथ जिंदगी के सुनहरे ख्वाब सजाने लगा। उसने रशेल से शादी करने का फैसला कर लिया। रशेल भी तैयार थी। लेकिन राशिद के घरवाले तैयार नहीं हुए। एक विदेशी लड़की को बहू बनाना उन्हें गवारा नहीं था। मगर राशिद की बार-बार की जिद के आगे उन्होंने हार मान ली। फिर घरवालों और रिश्तेदारों के सामने 11 दिसंबर 2008 को उन्होंने निकाह कर लिया। रशेल जल्द ही राशिद के परिवार में घुलमिल गई। नई-नवेली जोड़ी हनीमून के लिए गोवा, लखनऊ, ऋषिकेश और कई जगह गई।
रशेल अपने ससुरालवालों के साथ दूसरों की शादियों में शऱीक होने लगी। सबकुछ ठीक चल रहा था। लेकिन एक दिन अचानक रशेल ने बताया कि उसे कोयम्बटूर में अपनी एक सहेली से मिलने जाना है। राशिद उसे खुद छोड़ने एयरपोर्ट तक गया। लेकिन ये इस जोड़े का आखिरी सफर साबित हुआ। इसके बाद रशेल दोबारा आई ही नहीं। राशिद काफी परेशान रहने लगा आखिर कहां है। एक दिन राशिद को रशेल का एक ई-मेल मिला। ई-मेल पढ़कर वो सन्न रह गया। रशेल ने ई-मेल में लिखा कि वो उसे भूल जाए क्योंकि उसके घरवाले उसकी शादी से खुश नहीं हैं। राशिद के मुताबिक उसने लाख समझाने की कोशिश की। लेकिन रशेल नहीं लौटी और कुछ दिन बाद उसने ई-मेल का जवाब देना भी बंद कर दिया। रशेल की धोखाधड़ी के बाद अब राशिद ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।








कमेंट्स
0