नई दिल्ली। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने महिलाओं की सुरक्षा को उच्च प्राथमिकता का मुद्दा करार देते हुए देश के सभी मुख्यमंत्रियों से इस ओर विशेष ध्यान के लिए कहा। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय विकास परिषद यानी एनडीसी की बैठक में कहा कि आधी आबादी की सक्रिय भागीदारी के बिना कोई भी सार्थक विकास नहीं हो सकता। जब तक सुरक्षा सुनिश्चित न की जाए तब तक यह भागीदारी नहीं हो सकती।
प्रधानमंत्री ने 16 दिसंबर को राजधानी में सामूहिक दुष्कर्म की शिकार युवती का जिक्र करते हुए कहा कि दोषियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। सिंह ने बैठक में मौजूद मुख्यमंत्रियों और वरिष्ठ मंत्रियों से कहा कि सरकार गंभीरतम यौन उत्पीड़न के मामलों में कानून की समीक्षा पर विचार कर रही है।

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने देश की अर्थव्यवस्था को मध्यम आय स्तर पर लाने के लिए अगले 20 साल तक तीव्र विकास पर भी जोर दिया और कहा कि इसके लिए आधारभूत अवसंरचना के विकास और महिलाओं की हिस्सेदारी जरूरी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमने अभी तक जो हासिल किया है उसमें हम थोड़े सफल रहे हैं। लेकिन एक बात हमें जरूर ध्यान रखनी चाहिए कि हम अभी भी निम्न आय वाली अर्थव्यवस्था हैं।
विज्ञान भवन में आयोजित बैठक में प्रधानमंत्री ने कहा कि हमें मध्य आय स्तर तक आने के लिए अगले 20 सालों तक तीव्र विकास की जरूरत होगी। यात्रा लंबी है और इसके लिए कड़ी मेहनत की जरूरत होगी।
(IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!)
More on: PM, manmohan singh, NDC, meeting, 16 december, economy








कमेंट्स
0