नई दिल्ली। ऐसे माहौल में जब पूरे देश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ती गैंगरेप की घटनाओं से गुस्सा है और विरोध-प्रदर्शनों ने कांग्रेस व केंद्र सरकार की नींद उड़ा रखी है, राष्ट्रपति के पुत्र और कांग्रेस के सांसद अभिजीत मुखर्जी ने विवादास्पद बयान दिया है।
प्रणब मुखर्जी के पुत्र अभिजीत मुखर्जी ने गैंगरेप के खिलाफ प्रदर्शन कर रही छात्राओं और महिला सामाजिक कार्यकर्ताओं का मजाक उड़ाया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में जो कुछ हो रहा है वो इजिप्ट की गुलाबी क्रांति की तरह है, जिसका कि जमीनी हकीकत से कोई लेना-देना नहीं है। भारत में पहले कैंडल मार्च निकाला जाता है और उसके बाद प्रदर्शनकारी डिस्को चले जाते हैं।

वैसे अभिजीत यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा कि मैं भी छात्र रहा हूं। मैं जानता हूं कि छात्र कैसे होते हैं। वो बहुत सुंदर महिलाएं, जो मेकअप से पुती हुई और सजी-धजी हैं, टीवी पर इंटरव्यू दे रही हैं वो छात्राएं नहीं हैं क्योंकि उनकी उम्र छात्राओं जितनी नहीं है।
हालांकि अभिजीत को जल्द ही अपनी गलती का अहसास हो गया। उन्होंने कहा कि अगर किसी की भावनाएं आहत हुई हों तो मैं माफी मांगता हूं। मेरा बयान 35-36 साल की महिला प्रदर्शनकारियों के बारे में था, न कि छात्र आंदोलन के बारे में।
अभिजीत ने कहा कि मैं राष्ट्रपति और अपनी बहन से भी माफी मांगता हूं क्योंकि मेरे बयान से वे भी आहत हुए हैं। उन्होंने कहा कि अगर इलाके की जनता अथवा कांग्रेस पार्टी कहेगी तो वो अपने पद से इस्तीफा भी दे देंगे।
(IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!)
More on: abhijeet mukherjee, delhi gang rape case, congress








कमेंट्स
5