नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने एक विदेशी महिला को गिरफ्तार कर बड़े सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ करने का दावा किया है। गिरफ्तार महिला उजबेकिस्तान की रहने वाली है और पुलिस के मुताबिक दिल्ली में अपनी बहन और जीजा के साथ मिलकर सेक्स रैकेट चलाती थी।
दिल्ली में जिस्मफरोशी का जाल फैलाने वाली लैला अब पुलिस की गिरफ्त में है। लैला नाम से मशहूर ये महिला उजबेकिस्तान की रहने वाली है। और दिल्ली समेत कई शहरों में इंटरनेशनल सेक्स रैकेट चला रही थी। लैला के गिरफ्तार होते ही एक बड़े सेक्स रैकेट का पर्दाफाश हो चुका है। और अब पुलिस ने इस गिरोह से जुड़े दूसरे लोगों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक लैला अपनी बहन उम्मीदा और जीजा रजनीश के साथ मिलकर चार सालों से जिस्मफरोशी का धंधा कर रही थी। लैला का जीजा रजनीश एक रिटायर्ड कर्नल का बेटा है और दिल्ली में टैक्सी का बिजनेस करता था। पुलिस ने दो हफ्ते पहले ही रजनीश और उसकी बीवी उम्मीदा को गिरफ्तार किया था।
पुलिस के मुताबिक लैला 2005 में भारत आई थी। जल्दी पैसा कमाने के लालच में उसने जिस्मफरोशी का धंधा शुरू कर दिया। और बाद में उसने अपना गिरोह बना लिया। अपनी बहन और जीजा के साथ मिलकर वो उजबेकिस्तान और तुर्किमेनिस्तान जैसे देशों से नौकरी दिलाने के बहाने लड़कियों को दिल्ली लाने लगी। आरोप है कि लैला लड़कियों से उनके पासपोर्ट और वीज़ा छीन लेती थी और उन्हे जिस्मफरोशी करने के लिए मजबूर करती थी।
पुलिस के मुताबिक लैला का जाल देश के कई पर्यटन स्थलों तक फैला हुआ था। लैला मनाली, आगरा, बैंगलोर, चंडीगढ़ और मुंबई जैसे शहरों तक लड़कियां सप्लाई करती थी। पुलिस उन लड़कियों की तलाश कर रही है जो लैला के जाल में फंस चुकी थीं ताकि उन्हे उनके देश वापस भिजवाया जा सके।








कमेंट्स
0