नई दिल्ली। हॉकी इंडिया (एचआई) ने इस महीने शुरू हो रही अपनी महत्वाकांक्षी हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के टाइटिल स्पांसर के तौर पर विश्व की सबसे बड़ी दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी-हीरो मोटोकार्प के साथ बहुवर्षीय करार किया है। अब इस लीग को हीरो हॉकी इंडिया लीग के नाम से जाना जाएगा।
हीरो मोटोकार्प के साथ हुए इस समझौते की घोषणा करते हुए हॉकी इंडिया के महासचिव और एचआईएल के प्रमुख नरेंद्र बत्रा ने मंगलवार को कहा कि हम हीरो मोटोकार्प को एचआईएल का टाइटिल स्पांसर बनाकर खुश हैं। हम इसके लिए कंपनी को धन्यवाद देते हैं और साथ ही इसके साथ सुखद यात्रा की कामना करते हैं।

हीरो मोटोकार्प लिमिटेड के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी पवन मुंजाल ने कहा कि हॉकी भारतवासियों के दिलों में खास स्थान रखता है और यही कारण है कि हीरो मोटोकार्प ने एचआईएल के साथ नाता जोड़ा है।
हीरो इससे पहले भी हॉकी के दो प्रमुख आयोजनों का टाइटिल स्पांसर रहा है। हीरो ने 2012 में आयोजित ओलंपिक क्वालीफाईंग टूर्नामेंट को प्रायोजित किया था और उससे पहले वह 2010 में खेले गए एफआईएच विश्व कप का भी टाइटिल स्पांसर रहा था।
एचआईएल के पहले संस्करण का आयोजन 14 जनवरी से 10 फरवरी के बीच देश के पांच शहरों- दिल्ली, जालंधर, लखनऊ, मुंबई और रांची में होना है।
इसमें पांच फ्रेंचाइजी टीमों-देल्ही वेवराइर्ड्स, जेपी पंजाब वॉरियर्स, उत्तर प्रदेश विजार्ड्स, मुंबई मेजिसियंस और रांची राइनोज के बीच खिताबी जंग होगी। इस लीग में देश और दुनिया के 120 मशहूर खिलाड़ी शिरकत करेंगे।
(IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!)
More on: new delhi, hockey india league, hero motocorp, title sponsor, lucknow, mumbai








कमेंट्स
0