लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानमंडल के उत्तरशती समारोह पर शुक्रवार से ही विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में छह जनवरी को विधानमंडल की विशेष बैठक बुलाई गई है। इस ऐतिहासिक मौके को यादगार बनाने के लिए कई विदेशी मेहमानों को भी आमंत्रित किया गया है। राजधानी लखनऊ में छह से आठ जनवरी यानी तीन दिनों तक चलने वाले उत्तरशती रजत जयंती समारोह के मौके पर रोजाना सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
विधानसभा मंडप में छह जनवरी को बुलाई गई विशेष बैठक में विधानसभा और विधान परिषद के सदस्य शामिल होंगे। इस मौके पर 1952 की पहली विधानसभा के सदस्य रह चुके पूर्व मुख्यमंत्री नारायणदत्त तिवारी सहित तीन लोगों को सम्मानित किया जाएगा। समारोह के अंतर्गत मुख्य आयोजन आठ जनवरी को होगा, जिसमें देश विदेश के करीब 150 अतिथियों को राज्य अतिथि का दर्जा दिया जाएगा। इनमें से 143 मेहमानों ने इस समारोह में शामिल होने की सहमति भी दे दी है।

मेहमानों की आवभगत में जुटे सूबे के राज्य संपत्ति विभाग ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। समारोह के संयोजक और प्रदेश के राजस्व मंत्री अंबिका चौधरी ने बताया कि छह को विधानमंडल की विशेष बैठक बुलाई जा रही है, जिसमें उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी मुख्य अतिथि होंगे।
उत्तर प्रदेश के इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में जो लोग शामिल हो रहे हैं, उनमें ब्रिटिश हाउस ऑफ लार्ड्स लंदन के सदस्य लार्ड खालिद, कनाडा संसद की सीनेटर आशा सेठ, टोबैगो के पूर्व प्रधानमंत्री वासुदेव पांडेय और नेपाल के राष्ट्रपति रामबरन यादव प्रमुख हैं।
(IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!)
More on: lucknow, uttar pradesh, up assembly, special meeting








कमेंट्स
0