नई दिल्ली। भारत-पाकिस्तान रिश्तों की सरहद पर बर्बर कार्रवाई को अंजाम देने वाले पाकिस्तान के खतरनाक मंसूबे जगजाहिर हो रहे हैं। भारतीय सेना ने जो तस्वीरें दिखाईं है उनसे साफ पता चलता है कि कैसे पाकिस्तान ने सरहद पर भारतीय सीमा के अंदर घुसकर बारूदी सुरंगों का जाल बिछा दिया है।
भारतीय सेना ने लैंड माइन (बारूदी सुरंग) की तस्वीरें दिखाई। जिससे साफ पता चल रहा था कि पाकिस्तान का रवैया और उसका इरादा नहीं बदला है। पाकिस्तान, भारत को चोट पहुंचाने का कोई मौका नहीं छोड़ना चाहता है।

ये बारूदी सुरंगें भारत की सीमा पर मिलीं। इन्हें सेना ने पुंछ के एलओसी इलाके में डिफ्यूज किया है। इन पर लिखे अक्षर इस बात की गवाही दे रहे हैं कि इन्हें पाकिस्तान में बनाया गया है। इनके बम पर पीओएफ यानि पाकिस्तान ऑर्डिनेंस फैक्टरी लिखा है। वहीं नीचे के हिस्से में एसजीओ यानि सरगोधा फैक्टरी लिखा है। इसका मतलब होता है इस बम को पाकिस्तान के सरगोधा में मौजूद ऑर्डिनेंस फैक्टरी में बनाया गया है।
भारत ने ये तस्वीरें सोमवार को चक्कां दा बाग में ब्रिगेडियर स्तर के फ्लैग मिटिंग में पाकिस्तान को सौंपी थी। ये इस बात का सबूत था कि पाकिस्तान लगातार सीमा का उल्लंघन कर रहा है। वो भारतीय सीमा में घुसपैठ कर रहा है और जवानों की हत्या की साजिश रच रहा है। लेकिन पाकिस्तान अपने गलती मानने को तैयार नहीं है।
आठ जनवरी को भारतीय सैनिकों के साथ पाकिस्तान ने बर्बरता दिखाई थी। उसके बाद तमाम विरोध और तनाव के बावजूद पाकिस्तान की करतूत जारी है। सीमा पर उसकी तरफ से उसके बाद भी कई बार फायरिंग हुई।
गौरतलब है कि सोमवार को फ्लैग मिटिंग के बाद पाकिस्तान अब तक पांच बार सीज फायर का उल्लंघन कर चुका है। उसे भारत की तरफ से जवाब भी मिला है। बुधवार को भारत ने संयुक्त राष्ट्र में भी पाकिस्तानी करतूत का मुद्दा उठाया। भारत ने संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान पर आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया और उसपर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कार्रवाई की मांग की।
भारत ने दुनिया को बताया कि कैसे पाकिस्तान में मौजूद लश्कर ऐ तैयबा और जमात उद दावा दक्षिण एशियाई देशों के लिए बड़ा खतरा बन चुके हैं। लेकिन पाकिस्तान तो ये दिखाने में जुटा है कि वो कुछ नहीं कर रहा है। उसका रवैया बदल चुका है। और भारत स्थिति को गंभीर बना रहा है।
पाकिस्तान की विदेश मंत्री हिना रब्बानी खार ने कहा कि भारत के सेना प्रमुख का बयान आक्रामक है। हमें भारतीय सेना प्रमुख की टिप्पणी पर ज्यादा हैरानी नहीं हुई क्योंकि इस तरह के बयान वहां के कई नेताओं की तरफ से दिए गए। मुझे लगता है कि यह रवैया पाकिस्तान में बदला है और भारत को इससे सीख लेने की जरूरत है। सेना प्रमुख के बयान ने हमें 20 साल पीछे धकेल दिया।
वहीं भारतीय सेनाध्यक्ष बिक्रम सिंह ने इस आरोप को खारिज कर दिया है कि भारतीय सेना ने पाक सीमा में घुसपैठ की है।
(IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!)
More on: india, pakistan, land mine, india-pakistan, flag meeting, five times violate, ceasefire, pak foreign minister hina rabbani khar, indian army chief vikram singh








कमेंट्स
0