मुगलसराय। मुगलसराय में एनसीसी की महिला कैडेट्स के साथ ट्रेन में छेड़छाड़ के आरोप में सशस्त्र सीमा बल के 9 जवानों को गिरफ्तार कर लिया गया। ये महिला कैडेट्स गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लेकर पूर्वोत्तर के अपने राज्य लौट रही थीं। जवानों पर आरोप है कि नई दिल्ली से ट्रेन खुलते ही उन्होंने एनसीसी की महिला कैडेट्स से छेड़छाड़ शुरू कर दी। इस दौरान आरोपी जवान रेल नियमावली की धज्जियां उड़ाते हुए बोगी में ही सिगरेट का धुआं उड़ाने लगे।
एसएसबी के जवानों की हरकतों से तंग आकर कैडेट्स ने टीटी से शिकायत की। इसके बाद मुगलसराय में ट्रेन से उतरकर महिला कैडेट्स ने जीआरपी थाने में जवानों के खिलाफ लिखित शिकायत दी। इसके बाद पुलिस इनके साथ जवानों की बोगी में घुसी। इस दौरान जवानों ने पहले तो अकड़ दिखाने की कोशिश की, लेकिन जब पुलिस और बाकी लोगों ने सख्ती दिखाई तो इनकी हेकड़ी गुम हो गई।

इस पूरे हंगामे के दौरान संपर्क क्रांति एक्सप्रेस डेढ़ घंटे तक स्टेशन पर रुकी रही। पुलिस के मुताबिक आरोपी जवानों के अधिकारियों को इस बाबत खबर दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि अगर आरोप साबित हो गए तो इन 9 जवानों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यही नहीं अगर जरूरी लगा तो आरोपी जवानों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई भी की जा सकती है।
(IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!)
More on: Mughalsarai, Uttar Pradesh, Train, NCC, SSB, Police, Arrest








कमेंट्स
0