चेन्नई। अभिनेत्री और डीएमके नेता खुशबू के घर पर कुछ अज्ञात लोगों ने पथराव किया। खुशबू ने एक तमिल पत्रिका को दिए साक्षात्कार में ये बात दोहराई थी कि पार्टी की महापरिषद ही अगले नेता के नाम का फैसला करेगी। माना जा रहा है कि खुशबू के इस बयान से नाराज होकर पार्टी अध्यक्ष एम करुणानिधि के पुत्र और पार्टी के कोषाध्यक्ष एम के स्टालिन के समर्थकों ने यह हमला किया है।
नारेबाजी करते हुए लोगों ने अभिनेत्री के घर में पत्थर फेंके और उनकी कार का शीशा तोड़ दिया। घटना के समय खुशबू एक शादी के समारोह में शामिल होने के लिए तिरुचिरापल्ली गई हुई थीं। इस बीच उनके होटल से बाहर निकलते ही उन पर चप्पलें फेंके जाने की भी खबर मिली।

साक्षात्कार में खुशबू ने कहा था कि पार्टी अध्यक्ष पद के लिए करुणानिधि ने स्टालिन के नाम का प्रस्ताव दिया है लेकिन फैसला पार्टी की महापरिषद करेगी। तिरुचिरापल्ली में पत्रकारों से बातचीत के दौरान खुशबू ने कहा कि पत्रिका ने उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया है। पार्टी के दूसरे नेताओं के मुताबिक खुशबू ने इस मामले में स्टालिन से बात करने की कोशिश की थी लेकिन उनकी बात हो नहीं पाई।
(IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!)
More on: Khushboo, Tamil actress, DMK, Stalin, Karunanidhi, Chennai








कमेंट्स
0