नई दिल्ली। स्मार्टफोन की जंग में ताइवान की कंपनी एचटीसी का नया फ्लैगशिप डिवाइस एचटीसी वन अब एक नया ट्विस्ट ले कर आया है। इस स्मार्टफोन में कई हाई-टेक फीचर्स के साथ अच्छा कैमरा भी दिया गया है, जो सिर्फ 4 मेगापिक्सेल का है। 12-13 मेगापिक्सेल वाले स्मार्टफोन के जमाने में एचटीसी वन के 4 मेगापिक्सेल कैमरे की क्या अहमियत है, आइए जानते हैं।
बुधवार को लॉन्च हुए स्मार्टफोन एचटीसी वन में ढ़ेरों मजेदार फीचर्स हैं, जो इसे एप्पल आईफोन, सैमसंग गैलेक्सी एस3 जैसे सुपर स्मार्टफोन की लीग में खड़ा करते है। लेकिन एचटीसी वन का 4 मेगापिक्सेल अल्ट्रापिक्सेल कैमरा इसका सबसे दमदार फीचर है।
एचटीसी के मुताबिक एचटीसी वन के अल्ट्रापिक्सेल कैमरा में मेगापिक्सेल काउंट के बजाए इमेज क्वालिटी पर जोर दिया गया है। वैसे एचटीसी वन में 4 मेगापिक्सेल कैमरा ही है, लेकिन गहराई से देखा जाए तो एचटीसी वन का 4 मेगापिक्सेल कैमरा किसी 12 मेगापिक्सेल वाले स्मार्टफोन से भी बेहतर है।
अभी ज्यादातर कैमराफोन में मेगापिक्सेल काउंट बड़ा होता है, पर पिक्सेल साइज छोटा होता जाता है जिससे फोटोग्राफ को आप काफी बड़ी कर के देख सकते हैं, पर छोटे पिक्सेल होने के कारण तस्वीर जितनी बड़ी होती है, उतनी ही धुंधली होती जाती है।
एचटीसी वन में कहानी एकदम उलटी है, इसका इमेज सेंसर पिक्सेल साइज को बढ़ा देता है, पर मेगापिक्सेल को कम कर देता है। जिससे एक एक पिक्सेल में ज्यादा से ज्यादा रोशनी अंदर जा पाती है, और तस्वीर ज्यादा साफ आती है। इसके कैमरा सेंसर में 3 गुना ज्यादा रोशनी जाने के कारण कम रोशनी में बगैर फ्लैश के भी अच्छी इमेज क्लिक की जा सकती है।
कैमराफोन में पिछले 5 सालों से चल रही मेगापिक्सेल वॉर में एचटीसी वन ने जो उलटी गंगा बहाई है, उसका फायदा हम जैसे ग्राहकों को ही होगा। क्योंकि बाकी मोबाइल कंपनियां अब ज्यादा मेगापिक्सेल वाले कैमरे के बजाए ज्यादा बेहतर फोटो लेने वाला कैमराफोन डिजाइन करेंगी।
(IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!)
More on: New Delhi, Phone Camera, HTC, Megapixels, HTC One








कमेंट्स
0