नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित कल बिजली बिल पर दिए अपने बयान से पलट गई हैं। दरअसल कल मुख्यमंत्री ने बिजली की दरों में बढ़ोतरी को सही ठहराते हुए कहा था कि लोग बिजली का इस्तेमाल कम करें तो कम बिल आएगा। लेकिन जब उनके बयान पर बवाल मचने लगा तो उन्होंने अपने बयान से पलटकर सारा दोष मीडिया के सिर डाल दिया। शीला दीक्षित ने कहा कि मीडिया ने उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया।
मुख्यमंत्री ने रविवार को छतरपुर में एक रैली के दौरान कहा था कि अगर लोग चौबीस घंटे बिजली की आपूर्ति चाहते है तो उन्हें भुगतान करना होगा और अगर लोगों को बिजली का भुगतान करने में मुश्किल हो रही है तो उन्हें खपत कम करने के लिए बिजली उपकरणों के उपयोग में कटौती करनी चाहिए।

शीला दीक्षित ने आज संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि मीडिया ने उनके बयान को गलत ढंग से पेश किया। उन्होंने लोगों को बिजली बचाने की सलाह दी थी। उनके इस बयान के बाद बीजेपी के दिल्ली इकाई के अध्यक्ष विजय गोयल और आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री को निशाने पर लिया। विजय गोयल ने मुख्यमंत्री पर बिजली वितरण कंपनियों के भ्रष्टाचार की अनदेखी करने का आरोप लगाया और कहा कि शीला दीक्षित को उपभोक्ताओं की नहीं बिजली कंपनियो की चिंता अधिक है ।
(IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!)
More on: Sheila Dixit, CM, New Delhi, Power, Bjp, Vijay Goyal








कमेंट्स
0