नई दिल्ली। रेल मंत्री पवन बंसल ने मंगलवार को रेल बजट पेश कर दिया। रेल बजट पर पूर्व रेल मंत्री और आरजेडी अध्यक्ष लालू यादव का कहना है कि ये रेल बजट रेलवे के निजीकरण करने के इरादे से बनाया गया है। वहीं पूर्व रेल मंत्री और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बहुत सी ऐसी अधूरी योजनाएं हैं, जिन्हें पूरा किया जा सकता था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। वहीं पूर्व रेल मंत्री राम विलास पासवान ने कहा कि रेल बजट में नुकसान की बात की गई है, लेकिन इसे कैसे ठीक किया जाएगा, ये नहीं बताया गया।
लालू यादव ने कहा कि इस बजट में कुछ भी नहीं है। जब लालू से ये पूछा गया कि वो बंसल के रेल बजट को कितना नंबर देंगे तो उन्होंने कहा कि इस बजट को वो पास मार्क नहीं देंगे। इस बजट में कुछ भी नहीं है। इस बजट से साफ लग रहा है कि रेलवे के निजीकरण के लिए ये बजट बनाया गया है।

दूसरी तरफ पूर्व रेल मंत्री राम विलास पासवान ने रेल बजट पर कहा कि इसमें किराया नहीं बढ़ाया गया है लेकिन मालभाड़ा तो बढाया ही गया है। एक अच्छी बात हुई है की मनरेगा को इससे जोड़ा जा रहा है। रेल मंत्री ने बजट के जरिए ये बताया है कि नुकसान हुआ है। नुकसान कैसे ठीक किया जाएगा इस बारे में कोई जिक्र नहीं है। हम इसको औसत बजट मानते हैं।
वहीं बिहार के मुख्यमंत्री और पूर्व रेल मंत्री नितीश कुमार नें बजट पर कहा कि बजट तो तब लाते जब अतिरिक्त कुछ खर्च करते। इसके पास तो सरप्लस है। यह एक विचित्र परिस्थिति है। खर्च नहीं करना और सरप्लस रखना। बहुत सी ऐसी योजनाए हैं जिनपर पैसा खर्च किया जा सकता है। बहुत सी योजनाए अधूरी पड़ी हैं। अधूरी योजनाओं पर पैसा न खर्च करके सरप्लस शो कर दिया है। काम नहीं करके सरप्लस जेनरेट कर रहे हैं। हिम्मत होनी चाहिए भाड़ा सामने से बढ़ाइए लेकिन पीछे के दरवाज़े से बढ़ा दिया। साहस की कमी है। इनको मालूम है की किसी तरह खींच खांच कर एक साल निकाल देंगे। आगे जब जो लोग आएंगे 2014 में बहुत दिक्कत होगी।
(IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!)
More on: Rail Budget 2013, Rail Minister, Pawan Bansal, Nitish Kumar, Rambilas Paswan, Laloo Prasad Yadav, JDU, LJP, RJD








कमेंट्स
0