हैदराबाद। भारत और ऑस्ट्रेलिया की क्रिकेट टीमें बुधवार को दूसरे टेस्ट मैच के लिए हैदराबाद पहुंच गईं। दूसरा टेस्ट मैच 2 मार्च से खेला जाएगा। चेन्नई में पहला टेस्ट मैच 22 से 26 फरवरी के बीच खेला गया था, जिसे आठ विकेट से जीतकर भारत ने चार मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली है।
बुधवार को राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने के बाद दोनों टीमें सीधे होटल के लिए रवाना हुईं। एक दिन के आराम के बाद दोनों टीमें गुरुवार को उप्पल स्थित राजीव गांधी स्टेडियम में अभ्यास करेंगी। इस बीच 21 फरवरी को शहर में हुए दो बम विस्फोट को देखते हुए स्टेडियम और होटल के आसपास ज्यादा सुरक्षा व्यवस्था की गई है। विस्फोट में 16 लोग मारे गए थे।

सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए हैदराबाद क्रिकेट संघ ने स्टेडियम में 70 सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। इस मैच को देखते हुए आंध्र प्रदेश सरकार ने पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था का आश्वासन दिया है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और भारतीय क्रिकेट बोर्ड के अधिकारियों ने सोमवार को सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया था। इस दौरान सीए के सुरक्षा प्रबंधक फ्रैंक डिमासुई और बीसीसीआई अधिकारियों ने शीर्ष पुलिस अधिकारियों से भी बात की थी।
(IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!)
More on: Hyderabad, Andhra Pradesh, Cricket, Test Match India, 2nd Test, Australia, Stadium








कमेंट्स
0