नई दिल्ली। अमेरिका के नए रक्षा मंत्री चक हेगल का 2011 में दिया गया एक विवादास्पद बयान सामने आया है, जिसने भारत और अमेरिका के संबंधों में खटास डाल दी है। बीजेपी ने हेगल के विवादास्पद बयान की निंदा करते हुए सरकार से इस बयान पर अमेरिका से जवाब मांगने की मांग की है। वहीं भारत में अमेरिकी दूतावास ने हेगल के बयान से खुद को अलग करते हुए कहा कि अमेरिका अफगानिस्तान में भारत की सकारात्मक भूमिका का समर्थन करता है।
दरअसल अक्टूबर 2011 में दिए गए इंटरव्यू में चेक हेगल ने भारत पर अफगानिस्तान को दूसरे मोर्चे की तरह इस्तेमाल करने का आरोप लगाया था। इतना ही नहीं उन्होंने भारत पर पाकिस्तान के लिए दूसरी सीमा पर पैसे देकर समस्याएं पैदा करने का भी आरोप जड़ा था। मंगलवार को हेगल के इस बयान का वीडियो जारी होने के बाद से ही बवाल खड़ा हो गया है।

बीजेपी नेता मुरली मनोहर जोशी ने हेगल के बयान को गंभीरता से लेने की बात कही है। उन्होंने अमेरिका को अपनी मानसिकता ठीक रखने की सलाह दी। वहीं यशवंत सिन्हा ने हेगल के बयान पर सरकार की तरफ से अबतक कोई कार्रवाई नहीं किए जाने पर हैरानी जताई है। दूसरी ओर प्रवक्ता राजीव प्रताप रूढ़ी ने अमेरिकी सरकार से इस बयान को वापस लेने की मांग की।
बवाल के बाद नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास ने सफाई दी है कि हेगल के बयान अमेरिकी सरकार का बयान नहीं है। अमेरिका अफगानिस्तान में भारत सरकार की सकारात्मक भूमिका का समर्थन करता है।
(IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!)
More on: New Delhi, Washington, America, Chuck Hagel, US, US Senate, Barack Obama, Republicans, Pentagon, Anti-India Remarks








कमेंट्स
0