नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज मैथ्यू हेडन का मानना है कि नाटे कद के सचिन तेंदुलकर के भीतर एक शेर बसता है और इसका अनुमान उन्हें सालों पहले हो गया था जब इस चैंपियन के खिलाफ उन्होंने खेलना शुरू किया था।
हेडन ने आईबीएन7 के स्पोटर्स संवाददाता विमल कुमार की लिखी किताब ‘सचिन, क्रिकेटर आफ द सेंचुरी’ में लिखा कि मैंने पहली बार सचिन का नाम नब्बे के दशक में सुना था। मेरे दिमाग में हमेशा यह बात आती थी कि सचिन का कद उनके रूतबे से मेल नहीं खाता। उन्होंने कहा कि मुझे लगता था कि सचिन खेल का इतना बड़ा ब्रांड है लेकिन उसका कद छोटा है। मैंने जब उसके खिलाफ पहली बार खेला तो मुझे अहसास हुआ कि उसके भीतर एक शेर है। उन्होंने 2008 में भारत में टेस्ट श्रृंखला का एक रोचक वाकया भी बताया।

हेडन ने कहा कि मेरा पसंदीदा अनुभव मोहाली टेस्ट के दौरान रहा जब उसने सर्वाधिक टेस्ट रन का विश्व रिकार्ड तोड़ा। मैदान पर इतना उत्साह था कि 20 मिनट तक आतिशबाजी के कारण खेल रोकना पड़ा ताकि धुंआ छट जाये। यही नहीं, इसी किताब में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कोच जान बुकानन ने तेंदुलकर की तुलना ऑस्ट्रेलिया के रिकी पॉन्टिंग से की। उन्होंने कहा कि तेंदुलकर का रिकार्ड रिकी पॉन्टिंग से बेहतर है। यदि तेंदुलकर अधिक पारंपरिक, शास्त्रीय और तकनीक का महारथी हैं तो पॉन्टिंग गैर पारंपरिक हैं।
बुकानन का मानना है कि तेंदुलकर और पॉन्टिंग में से एक को चुनना कठिन है। उन्होंने कहा कि सचिन स्पिन गेंदबाजी को बखूबी खेलता है। स्पिनरों की मददगार और चुनौतीपूर्ण उपमहाद्वीप की पिचों पर तो और भी अच्छे से खेलते हैं। उन्होंने कहा कि मैं चाहता था कि पॉन्टिंग भी स्पिनरों पर उसी तरह से दबदबा बनाये। इसी तरह मैं चाहता था कि सचिन तेज गेंदबाजों के सामने फ्रंटफुट पर उसी तरह खेले जैसे पॉन्टिंग खेलता है।
(IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!)
More on: matthew hayden, vimal kumar, book, sachin tendulkar, admire, cricket scenario








कमेंट्स
0