

अमरोहा। यूपी के शहर अमरोहा में एक ऐसा घोटाला सामने आया है जिसके बारे में जानकर आप दंग रह जाएंगे। यूं तो सत्ताधारी बीएसपी और मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी में छत्तीस का आंकडा़ है, लेकिन इस शहर में नजारा कुछ और है। यहां समाजवादी पार्टी के एक दबंग विधायक के बेटे को करोड़ों की सरकारी जमीन कौड़ियों के भाव दे दी गई। इस जमीन पर शहर का कूड़ा डाला जाता था। जिस नगर पालिका परिषद की ओर से ये जमीन 25 रुपये महीने की लीज पर दी गई, उसके अध्यक्ष एक बीएसपी नेता हैं। जिला प्रशासन ने भी मामले पर चुप्पी साध ली है।
नगरपालिका की इस बीस बीघा जमीन का खसरा नंबर 5826 है। सरकार के राजस्व रिकार्ड में साफ है कि इस जमीन पर शहर का कूड़ा और खाद डाली जाएगी और ये सरकारी सार्वजनिक सम्पत्ति है। यूं तो जमीन का लैंड यूज बदले बगैर ये किसी को दी नहीं जा सकती, लेकिन बीएसपी नेता और नगर पालिका अध्यक्ष हाजी इकरार ना जाने क्यों समाजवादी पार्टी के दबंग विधायक महबूब अली के बेटे शाहनवाज पर मेहरबान हैं जिसके नाम पर ये जमीन आवंटित कर दी गई। सिर्फ 25 रुपये महीने पर।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की स्थिति भले ही बहुत अच्छी नहीं हो लेकिन प्रत्याशियों के चयन के सवाल पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पार्टी विधानमंडल दल के नेता आमने-सामने आ गये हैं। उत्तर प्रदेश विधानसभा के आगामी फरवरी में संभावित चुनाव के लिये कांग्रेस प्रत्याशियों की पहली सूची ही सामने आ सकी है और दूसरी सूची आने के पहले प्रदेशाध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी और कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता प्रमोद तिवारी की लड़ाई सामने आ गई है।
दिल्ली में बडे नेताओं की मौजूदगी में दोनों ने एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए। दोनों के बीच हुई कहासुनी पार्टी महासचिव राहुल गांधी तक पहुंचा दिए जाने की बात कही गई है। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख मायावती पर पैसा लेकर टिकट बांटने का आरोप लगाने वाली प्रदेशाध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी स्वयं इन आरोपों से घिर गई हैं। आरोप पार्टी के ही लोग लगा रहे हैं।
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने उत्तर प्रदेश की मायावती सरकार के विकास सम्बन्धी दावे के विरोध का अनूठा तरीका अपनाया है। बीजेपी अपने वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में खस्ताहाल सड़कों पर धान की रोपाई करके उत्तर प्रदेश सरकार के विकास संबंधी दावों का विरोध करेगी। इस क्रम में आज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सूर्यप्रताप शाही देवरिया के कतरदेवा विकासखण्ड मुख्यालय पर विरोध दर्ज करायेंगे।
शाही ने कहा कि राज्य सरकार विकास के झूठे दावे कर रही है। सड़कों की हालत बदतर है। मरम्मत के लिए आने वाले पैसे का बंदरबांट हो रहा है। इस बंदरबांट में नीचे से ऊपर तक सभी मिले हुए हैं। देवरिया जिले के कतरदेवा स्थित मुख्य मार्ग का आलम यह है कि वहां घुटनेभर कीचड़ है। कमोवेश यही स्थिति राज्य के अन्य हिस्सों में भी है।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मतदाताओं को रिझाने के लिये पदयात्रा करेगी तो समाजवादी पार्टी (सपा) आगामी सितम्बर में अपने प्रचार की शुरूआत साइकिल से करेगी।
साइकिल सपा का चुनाव चिन्ह है। सपा ने राज्य की 403 विधानसभा सीटों में से 350 पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है।






















































